सीएम योगी ने उपचुनाव जीतने वाले विधायकों को किया अभिनंदन, 2027 में बड़ी जीत का किया दावा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में राज्य बीजेपी मुख्यालय में उपचुनाव में जीत हासिल करने वाले विधायकों से मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। अभिनंदन समारोह में सीएम योगी ने पार्टी की रणनीति और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास को सराहा, जिसके परिणामस्वरूप कुंदरकी और कटेहरी जैसी कठिन सीटों पर जीत मिली। उन्होंने कहा कि इस जीत से विपक्षी दल डर गए हैं और अब केवल आरोप लगाने तक सीमित हैं।सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में एनडीए की राज्यों में मिली जीत की सराहना की, जिसमें हरियाणा और महाराष्ट्र में भारी बहुमत से जीत शामिल है। यूपी उपचुनाव में बीजेपी ने 9 में से 7 सीटों पर जीत दर्ज की, जो पार्टी की रणनीति और कार्यकर्ताओं के प्रयासों का परिणाम है। आदित्यनाथ ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी इससे भी बड़ी जीत हासिल करेगी।उन्होंने कुंदरकी में रिकॉर्ड 1.45 लाख वोटों से मिली जीत को पार्टी की मजबूत स्थिति का उदाहरण बताया और कहा कि बीजेपी हर चुनौती को अवसर में बदलने का माद्दा रखती है।

‘चुनाव में मिली जीत विपक्ष के मन में डर पैदा करेगी’

उन्होंने सातों विधानसभा में मिली जीत को कार्यकर्ताओं और नेताओं के मजबूत प्रयास का नतीजा बताया. उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए यह जीत विपक्ष के मन में डर उत्पन्न करेगी. हमें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा और सघन जनसंपर्क के माध्यम से सरकार की योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाना होगा. इससे 2027 में हमारी सफलता और बड़ी होगी.

मुख्यमंत्री ने खैर विधानसभा से विजयी सुरेंद्र दिलेर के पिता पूर्व सांसद और पूर्व विधायक राजवीर सिंह दिलेर का विशेष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी हमेशा अपने कार्यकर्ताओं के परिवार के साथ खड़ी रहती है. उन्होंने उपचुनाव में जीत हासिल करने वाले विधायकों से कहा कि अब उनके पास दो-ढाई साल का ही समय है, ऐसे में वह सभी अपने कार्यकाल में जनता से बेहतर संवाद स्थापित करें और संगठन के साथ मिलकर काम करें.

सीएम बोले- 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ कमल खिलेगा

उन्होंने कहा कि हमें अपनी सफलता से प्रेरणा और असफलता से सबक लेकर आगे बढ़ना है. यदि हम इसी सामूहिक भावना से कार्य करते रहे, तो 2027 में प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ कमल खिलेगा. कार्यक्रम में शामिल होने वाले विधायकों में मीरापुर सीट पर जीत हासिल करने वाले मिथिलेश पाल, कुंदरकी से बीजेपी विधायक रामवीर सिंह, फूलपुर से दीपक पटेल, खैर से सुरेंद्र दिलेर, गाजियाबाद से संजीव शर्मा, कटेहरी से धर्मराज निषाद और मझवां से सुचिस्मिता मौर्यशामिल रहीं.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts