सहारनपुर। नगर निगम में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों द्वारा सफाई व्यवस्था और जीआईएस सर्वे बिलों से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक का तत्काल समाधान कर दिया गया, जबकि अन्य पर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई का नेतृत्व अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने किया। वार्ड 31 मानकमऊ निवासी ओमप्रकाश सैनी ने गोगा महाड़ी के निकट स्थित शौचालय की सफाई, वार्ड 62 पक्का बाग निवासी जावेद अख्तर ने याहयाशाह में नालियों की सफाई तथा वार्ड 6 वर्धमान कॉलोनी निवासी अरविंद कुमार ने गली नंबर 5 में सफाई की मांग रखी। अरविंद कुमार की शिकायत पर तत्काल सफाई कर्मी भेजकर सफाई कराई गई।
इसके अलावा वार्ड 63 मंसूर कॉलोनी के मौ. साजिद और मौ. नाजिम, तथा वार्ड 66 नदीम कॉलोनी की बीना ने जीआईएस सर्वे के गलत बिलों को ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए। अपर नगरायुक्त ने तीनों मामलों में संबंधित राजस्व निरीक्षकों को मौके पर जाकर जांच करने और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
वार्ड 55 मिशन मार्केट के सागर चावला ने इलाके में अवैध रूप से लगे एक विज्ञापन बोर्ड को हटाने की मांग की, जिस पर प्रवर्तन दल प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा गया। नगर निगम प्रशासन ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।















