होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल इंटर कॉलेज, जड़ौदा, मुज़फ्फरनगर में स्पिक मैके द्वारा शास्त्रीय संगीत का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विख्यात सरोद वादक पंडित बिस्वजीत रॉय चौधरी ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने प्रातःकालीन राग अहीर भैरव के आलाप से वातावरण को संगीतमय बना दिया। विलंबित तीन ताल में राग को विस्तार देते हुए द्रुत लय में जब उन्होंने बंदिश प्रस्तुत की, तो पूरा हाल तालियों से गूंज उठा। उनके साथ तबले पर युवा कलाकार अनुराग झा ने शानदार संगत दी।

स्पिक मैके द्वारा देशभर में शास्त्रीय संगीत की विशिष्ट श्रृंखला आयोजित की जा रही है, जिसमें श्रेष्ठतम कलाकार विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अपनी प्रस्तुतियाँ दे रहे हैं। एसआरएफ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराइयों से परिचित होने का अवसर मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से किया गया, जिसमें विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया, स्पिक मैके के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. राधामोहन तिवारी, मृदुला मित्तल और नीति मित्तल उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने कलाकारों को पुष्पगुच्छ और पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान डॉ. राजीव सिंह ने भी विशेष योगदान दिया।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने में स्पिक मैके जो महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, उसमें विद्यालय सदैव सहयोग करता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन छात्र लक्की कुमार ने किया। इस अवसर पर डॉ. राजीव कुमार, सतकुमार, आजाद सिंह, जितेंद्र कुमार, तीर्थ राठी और विशु विशेष रूप से उपस्थित रहे।















