अलवर रोडवेज में गबन के मामलों को रोकने और कंडक्टरों की कमी को दूर करने के लिए बड़ा निर्णय लिया गया है। अब बस सारथी के स्थान पर सिविल डिफेंस से कंडक्टरों को तैनात किया जाएगा।
रोडवेज मुख्यालय ने मत्स्य नगर आगार में 20 सिविल डिफेंस के कंडक्टरों को लगाने की स्वीकृति दी है। इसके लिए मत्स्य नगर आगार ने जिला प्रशासन को पत्र लिखा है।
मत्स्य नगर आगार के प्रशासन प्रबंधक संजय चौधरी ने बताया कि इस आगार के लिए 37 बस सारथी स्वीकृत थे, जिनमें से 21 बस स्टैंड पर कार्यरत थे। इनमें से 4 को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है, जिससे अब 17 बस एजेंट ही बच गए हैं। ऐसे में 20 बस सारथी के स्थान पर अब 20 सिविल डिफेंस के कंडक्टर तैनात किए जाएंगे।
अगर सिविल डिफेंस के कंडक्टरों के पास बेज और लाइसेंस नहीं होगा, तो रोडवेज उनकी मदद करेगा और यह दस्तावेज बनवाएगा। दस्तावेज बनने के बाद सिविल डिफेंस के कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।
प्रत्येक कंडक्टर को 15,367 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा, उन्हें 35,000 रुपये की इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन की अमानत राशि और टिकट राशि भी जमा करनी होगी। सभी कंडक्टरों की मॉनिटरिंग विभाग द्वारा की जाएगी।















