मुजफ्फरनगर में मेधावी पुलिस परिवारों के बच्चों का सम्मान,

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन “वामा सारथी” द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस परिवारों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसी क्रम में पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले पुलिस परिवारों के तीन प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ-साथ प्रोत्साहन किट प्रदान की गई, जिसमें बैग, कैप, टी-शर्ट सहित अन्य उपयोगी सामग्री शामिल थी। यह सामग्री वामा सारथी मुख्यालय लखनऊ द्वारा उपलब्ध कराई गई थी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के बच्चे सीमित समय और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद अनुशासन, परिश्रम तथा लगन के बल पर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे छात्र न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने वामा सारथी द्वारा पुलिस परिवारों के कल्याण और उनके बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो युवाओं को सफलता और समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ाती है।कार्यक्रम के दौरान सम्मानित छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने वामा सारथी और मुजफ्फरनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहल रही, जिसमें उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को “वामा इको चैंप्स” की शपथ दिलाई गई। उन्हें पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में इन मूल्यों का प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करने के साथ-साथ उनमें सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करना भी रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts