मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बुधवार को जनपद के पुरकाजी ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरायपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, दवा वितरण प्रणाली, टीकाकरण सेवाएं, प्रसव कक्ष की स्थिति और अभिलेखों के रख-रखाव का विस्तार से जायजा लिया। इस दौरान मौजूद प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. तेवतिया ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि केंद्र की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए, पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और आवश्यक औषधियों की पर्याप्त उपलब्धता हर समय बनी रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि टीकाकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हों ताकि किसी भी मरीज या गर्भवती महिला को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी बताया कि जिले के प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र का नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है ताकि स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित हो सके।
डॉ. तेवतिया ने कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक कर्मचारी को अपने कार्य के प्रति पूर्ण जिम्मेदारी और समर्पण की भावना के साथ काम करना चाहिए, जिससे जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और मजबूत हो सके।















