मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरथावल का औचक निरीक्षण किया, जहां उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया और प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सतीश कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी कार्यशैली की गुणवत्ता में और अधिक सुधार करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान डॉक्टर सुनील तेवतिया ने वैक्सीन कोल्ड चेन, औषधियों के रखरखाव, उपस्थिति पंजिका सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई को और अधिक दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित वेशभूषा में ड्यूटी करने का सख्त निर्देश दिया।
इसके अलावा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चरथावल ब्लॉक में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहाना और आयुष्मान आरोग्य मंदिर बहेड़ी का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने और पूरी निष्ठा व लगन से कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मनोज कुमार भी उपस्थित रहे।















