मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील तेवतिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र का गहनता से निरीक्षण कर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपनी कार्यशैली की गुणवत्ता में सुधार करने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने वैक्सीन कोल्ड चेन, औषधियों के रखरखाव, उपस्थिति पंजिका आदि की भी जांच की। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर निर्धारित वेशभूषा में ड्यूटी करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, बहेड़ी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी औचक निरीक्षण किया गया, जहां उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी को समय पर उपस्थित होकर पूरी निष्ठा और लगन से कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मनोज कुमार भी उपस्थित रहे।















