मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को परखने और उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनकपुरी, आदर्श कॉलोनी, गांधी नगर, अलमासपुर नई बस्ती, वहलना, शेरपुर, बसंत विहार एवं गोकुल सिटी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का क्रमवार भ्रमण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रभारी अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ओपीडी संचालन, मरीजों के पंजीकरण की व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण तथा बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आम नागरिकों को समय पर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूर न जाना पड़े।डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर आमजन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की पहली कड़ी हैं और इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में यहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं दीर्घकालिक बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को नियमित जांच, परामर्श और आवश्यक दवाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं।

निरीक्षण के दौरान गैर-संचारी रोगों जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप आदि की स्क्रीनिंग, नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा जन जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने साफ-सफाई एवं स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण ही बेहतर स्वास्थ्य की नींव है।उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से अपेक्षा की कि वे शासन की मंशा के अनुरूप ईमानदारी और निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनपद में सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts