मुजफ्फरनगर के सिसौली में आज किसान मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत का 89वां जन्मदिवस किसान जागृति दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यक्रम लखनऊ में महापंचायत के रूप में आयोजित किया गया, जबकि सिसौली के किसान मुख्यालय में और अन्य स्थानों पर भी किसान जागृति दिवस मनाया गया। सिसौली में बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की मूर्ति के सामने हवन किया गया, जिसमें भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, चौधरी नरेंद्र टिकैत, किसान चिंतक कमल मित्तल, भाजपा नेता जयदेव बालियान सहित सैकड़ों किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान, भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हो रहे विधानसभा चुनावों में किसानों के संघर्ष का स्पष्ट प्रभाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि किसान देश के साथ-साथ विदेशों के लिए भी अन्न पैदा करता है, लेकिन सरकारें उसकी समस्याओं को सुलझाने और फसलों के उचित दाम दिलाने के लिए गंभीरता नहीं दिखाती हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार को चेतावनी दी कि अगर उसने भी किसानों की समस्याओं की अनदेखी की, तो उसे भी भविष्य में इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।















