मुजफ्फरनगर। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत गठित 17वीं कॉमन रिव्यू मिशन (CRM) टीम ने आज जनपद मुजफ्फरनगर का दौरा कर यहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया। टीम का मुख्य उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का आकलन करना रहा।निरीक्षण टीम में डॉ. सिम्मी तिवारी (जॉइंट डायरेक्टर, NCDC), मौतुसी देबनाथ (सीनियर कंसल्टेंट, NHM, MoHFW), डॉ. विनीत कुमार पाठक (असिस्टेंट प्रोफेसर), नीरज गौतम (सीनियर कंसल्टेंट, QPS) और निशांत शर्मा (सीनियर कंसल्टेंट, MMPC) शामिल रहे। इनके साथ राज्य स्तर से डॉ. मनोज शुक्ला (GM-RI), डॉ. सुनील वर्मा (संयुक्त निदेशक पैरामेडिकल), डॉ. अमित सिंह (संयुक्त निदेशक प्रशासन) तथा संदीप कनौजिया (ऑडिट ऑफीसर, UPNHM) सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
टीम ने सबसे पहले जिला पुरुष चिकित्सालय का निरीक्षण किया, जहां आपातकालीन विभाग (Emergency Department), ब्लड बैंक, पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC), ऑपरेशन थिएटर (OT) और टीबी विभाग की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की कार्य स्थिति, स्वच्छता व्यवस्था और चिकित्सा व पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति का बारीकी से मूल्यांकन किया।इसके बाद टीम ने जिला महिला चिकित्सालय का भ्रमण किया। यहां उन्होंने SNCU (Special Newborn Care Unit), महिला ओपीडी (OPD) और MCH विंग का निरीक्षण किया। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, प्रसव सुविधाओं, नवजात देखभाल प्रणाली और अस्पताल की समग्र व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम ने प्रसवोत्तर देखभाल, दवा वितरण, नवजात शिशुओं की निगरानी एवं स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की।टीम ने इसके अलावा IDSP (Integrated Disease Surveillance Programme) कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां जिला स्तर पर रोग निगरानी प्रणाली, डेटा संकलन, रिपोर्टिंग प्रक्रिया और महामारी संबंधी नियंत्रण गतिविधियों की जानकारी ली गई। टीम ने संबंधित अधिकारियों से स्वास्थ्य निगरानी से जुड़े आंकड़ों की सटीकता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने टीम को जनपद में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध मानव संसाधन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और विभिन्न विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार सुधारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। टीम ने निरीक्षण के दौरान अस्पतालों की व्यवस्थाओं की सराहना की और आवश्यक सुधार बिंदुओं पर सुझाव भी दिए।
















