मुजफ्फरनगर में 9 से 18 अक्टूबर तक आयोजित यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेला 2025 ने पूरे प्रदेश में नई ऊर्जा और उल्लास का संचार किया। मेले में स्थानीय कारीगर, युवा उद्यमी और महिला शिल्पकार अपने उत्कृष्ट हस्त निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो स्वदेशी उत्पादों की नई मिसाल पेश कर रहे हैं। मेला केवल खरीद-फरोख्त का मंच नहीं बल्कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। विभिन्न विभागों के स्टॉल लगे हैं, जहां पर्यटक और ग्राहक उत्पादों की विविधता का आनंद ले रहे हैं।
जिला प्रोबेशन कार्यालय मुजफ्फरनगर के निर्देशन में और राजकीय दत्त ग्रहण प्रबंधक के मार्गदर्शन में मेले में विभिन्न कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। राजकीय दत्त ग्रहण इकाई के स्टाफ ने भी प्रतिभाग किया और मेले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सामाजिक कार्यकर्ता रेनू रानी ने राजकीय दत्त ग्रहण इकाई की गतिविधियों के बारे में सभी को जानकारी दी। उन्होंने विधवा पेंशन, कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी भी साझा की।राजकीय दत्त ग्रहण इकाई की हिमांशी और दीपा भी मेले में उपस्थित रही और जनता से संवाद किया। इस प्रकार, मेला न केवल व्यापार और कला का संगम बना बल्कि सामाजिक जागरूकता फैलाने का भी अवसर प्रदान कर रहा है। इस आयोजन ने स्थानीय कारीगरों और महिला उद्यमियों को अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर दिया।















