CBSE का पोर्टल लाइव हो गया है. कल यानी सोमवार से यह ठप पड़ा था. छात्र री-इवैल्युएशन के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे थे. मगर अब यह पोर्टल खुल गया है. सीबीएसई ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है.CBSE का री-इवैल्यूएशन पोर्टल cbseit.in छात्रों के लिए उपलब्ध करा दिया गया है. अप्लाई करने के लिए छात्र साइट पर स्टेप बाय स्टेप अप्लाई कर सकते हैं.
CBSE ने वेबसाइट दुरस्त करने का दावा करते हुए 1 जून से 12वीं की कॉपियों के री-वैल्यूएशन के लिए आवेदन पोर्टल शुरू करने की घोषणा की थी. मगर यह कल पूरे नहीं खुला. इससे स्टूडेंट्स और पैरेंट्स दोनों काफी चिंतिंत थे. बोर्ड ने कहा था है कि पोर्टल जल्द ही लाइव होगा.
कैसे करें स्टेप बाय स्टेप अप्लाई, देखें
- स्टेप 1: Verification of Marks वाले विकल्प पर
- स्टेप 2: जिन विषयों की स्कैन की गई कॉपी आपको मिली है, स्क्रीन पर उनकी लिस्ट देखें
- स्टेप 3: उस विषय को चुनें जिसमें आपको लगता है कि अंकों की गिनती या जांच में कोई गड़बड़ी हुई है.
- स्टेप 4: विषय चुनते ही स्क्रीन पर गड़बड़ियों की एक लिस्ट आएगी, उसमें से अपनी समस्या पर टिक करें.
- स्टेप 5: फाइनल चेक करने के बाद सबमिट (Submit) बटन पर .
19 मई को खुला था ऑनलाइन पोर्टल
छात्रों के लिए स्कैन आंसरशीट देखने का ऑनलाइन पोर्टल 19 मई को खुला था. मगर पहले ही दिन वेबसाइट क्रैश हो गई. इसके बाद बोर्ड ने आवेदन की तारीख बढ़ा दी. कहा गया कि 22 मई तक आवेदन किया जा सकता है लेकिन पोर्टल ठप होने के कारण छात्र आवेदन नहीं कर पा रहे थे. फिर बोर्ड ने आवेदन की अंतिम तारीख 23 मई कर दी थी.
जब पोर्टल खुला भी, तो भारी ट्रैफिक के कारण स्टूडेंट्स न तो लॉगिन कर पा रहे थे और न ही फीस जमा कर पा रहे थे. दरअसल, जब बच्चों को कॉपियां मिलीं, तो कई बच्चों ने शिकायत की कि पन्ने ब्लर हैं. कुछ पन्ने गायब हैं और कुछ मामलों में तो किसी दूसरे छात्र की कॉपी अपलोड हो गई थी. विवाद बढ़ने पर केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया और सीबीएसई से जवाब मांगा.
इस साल करीब 18 लाख स्टूडेंट्स ने दी है परीक्षा
बता दें कि इस साल करीब 18 लाख स्टूडेंट्स ने 12वीं की परीक्षा दी है. स्टूडेंट्स के साथ-साथ पैरेंट्स भी CBSE की इस लचर व्यवस्था से परेशान हैं. बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर उनमें जबरदस्त आक्रोश है. समस्याएं एक नहीं बल्कि अनेक हैं. कई छात्रों का कहना है कि उन्होंने सप्लीमेंट्री या एडिशनल शीट ली थी, लेकिन स्कैन कॉपी में वह हिस्सा नहीं दिख रहा. कुछ छात्रों का ये भी दावा है कि उन्हें जो स्कैन कॉपी मिली, वह उनकी नहीं थी.
4 लाख छात्रों ने मांगी आंसर शीट की फोटोकॉपी
26 मई को सीबीएसई ने बताया था कि आंसर शीट की स्कैन कॉपियों के लिए कुल 4,04,319 आवेदन प्राप्त हुए थे और इन छात्रों ने कुल 11,31,961 आंसर शीट की फोटोकॉपी के लिए आवेदन किया था. CBSE ने डिजिटल रूप से छात्रों को कुल 8,98,214 आंसर शीट की कॉपियां उपलब्ध कराई गईं.















