यूपी का हाथरस कांड और बंगाल का आरजी कर केस सुलझाने वाली CBI अफसर सीमा पाहुजा को अब दिशा सालियान मौत मामले की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अलावा भी CBI की एसपी सीमा पाहुजा को कई हाई-प्रोफाइल आपराधिक मामलों की जांच का अनुभव है. 13 सितंबर को दर्ज एफआईआर में फिलहाल किसी को नामजद आरोपी नहीं बनाया गया है. केंद्रीय जांच एजेंसी अब मामले से जुड़े गवाहों और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी. इस जांच का मुख्य फोकस 8 जून 2020 की रात की घटनाओं, गवाहों के बयानों और फोरेंसिक साक्ष्यों को जोड़कर मौत की परिस्थितियों का पता लगाना होगा.
कौन हैं सीमा पाहुजा
सीमा पाहुजा फिलहाल CBI मुख्यालय नई दिल्ली की स्पेशल क्राइम यूनिट में बतौर SP तैनात हैं. उन्हें जटिल और संवेदनशील मामलों का एक्सपर्ट अफसर माना जाता है. यूपी के बहुचर्चित हाथरस मामले की जांच के लिए गठित 15 सदस्यीय CBI टीम में भी उनकी अहम भूमिका थी. इसके अलावा यूपी के ही उन्नाव रेप केस की जांच में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी. इन मामलों में जुटाए गए सबूतों और जांच की दिशा तय करने में उनका काफी योगदान रहा है.इन सबके अलावा सीमा पाहुजा को हिमाचल प्रदेश के चर्चित गुड़िया केस की जांच का भी जिम्मा सौंपा गया था. बता दें कि हिमाचल की राजधानी शिमला में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और हत्या के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. इस मामले की जांच में भी उनका नाम प्रमुख अधिकारियों में शामिल रहा. उनकी कार्यशैली और जांच क्षमता को देखते हुए उन्हें साल 2021 में बेस्ट इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर का गोल्ड मेडल भी दिया गया.
कौन थीं दिशा सालियान
दिशा सालियान मशहूर और चर्चित सेलेब्रिटी मैनेजर थीं. वो बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर थीं. इसके अलावा वो ऐश्वर्या राय की भी मैनेजर रहीं. 8 जून 2020 को मुंबई में एक इमारत से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई थी. उनकी मौत को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई गई और इसे आत्महत्या माना गया, लेकिन कुछ लोग इसे संदिग्ध मौत मानते हैं.














