राजगढ़ (अलवर)।राजगढ़ कस्बे के मुख्य बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक कार चालक ने तेज और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी दो बाइकों और एक दुकान के काउंटर को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में गनीमत रही कि कई लोग बाल-बाल बच गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
कार चालक कस्बे के कांकवाड़ी बाजार से चौपड़ होते हुए तेज रफ्तार में मुख्य बाजार पहुंचा, जहां उसकी गाड़ी ने अनियंत्रित होकर बाइक और काउंटर को टक्कर मार दी। हादसे से नाराज़ ग्रामीणों ने तत्काल पुरानी नगरपालिका के पास कार चालक को पकड़ लिया और हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर धुनाई भी कर दी।
घटना की सूचना राजगढ़ पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में ग्रामीणों ने हुए नुकसान की भरपाई के लिए कार चालक से पैसे लेकर उसे छोड़ दिया। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।















