पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में करियर मेले का आयोजन, विशेषज्ञों ने छात्राओं को दिए रोजगार के गुर

मुजफ्फरनगर। समग्र शिक्षा माध्यमिक उत्तर प्रदेश के निर्देशन में करियर काउंसलिंग गतिविधि के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर में एक भव्य करियर मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देकर उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाषचंद और उप प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट नितिन कुमार द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

करियर मेले में शिक्षा, चिकित्सा, कानून, प्रशासन, रक्षा, सौंदर्य उद्योग और अकादमिक क्षेत्र से जुड़े अनेक विषय विशेषज्ञों ने सहभागिता की। इन विशेषज्ञों ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को करियर निर्माण, लक्ष्य निर्धारण और मेहनत के महत्व को समझाया। मेले में मुजफ्फरनगर लोकपाल, प्रसिद्ध वकील नीरज शर्मा, करियर काउंसलर व भूतपूर्व वायु सैनिक संजय आहूजा, सब इंस्पेक्टर साधना चौधरी, डॉ आलोक, ब्यूटीशियन रेनू चौधरी, प्रोफेसर सुभाष चंद्रा डीएवी पीजी कॉलेज, प्रधानाचार्य डॉ विकास काकरान, प्रधानाचार्य प्रियंका वर्मा तथा डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अलका तोमर ने छात्राओं को अपने-अपने क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने न केवल करियर विकल्पों पर प्रकाश डाला, बल्कि छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। उप प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट नितिन कुमार ने एनसीसी की उपयोगिता और इससे जुड़ी करियर संभावनाओं पर अपने अनुभव साझा किए। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल ने कहा कि 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में ऐसे करियर मेले युवाओं के लिए स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त करेंगे। सब इंस्पेक्टर साधना चौधरी ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देते हुए सुरक्षा, आत्मविश्वास और करियर के संतुलन पर बल दिया।

करियर काउंसलर संजय आहूजा ने प्रश्नोत्तर शैली में छात्रों का मार्गदर्शन किया और उनकी शंकाओं का समाधान किया। डॉ आलोक ने मेडिकल क्षेत्र में मौजूद विविध विकल्पों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि केवल नीट ही नहीं, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र में सैकड़ों ऐसे अवसर हैं जहां विद्यार्थी अपना उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी सुचित्रा सैनी ने करियर मेले में लगाए गए विभिन्न विषयों से संबंधित स्टॉल और करियर हब का निरीक्षण छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और अतिथियों को कराया। मेले में आयोजित सभी सांस्कृतिक गतिविधियां भी करियर आधारित थीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने सराहा।

कार्यक्रम में रामकुमार शर्मा रागी, ममता, गीता, अनिल, सोहन पाल, राकेश, प्रवीण, भूपेंद्र आर्य, आकांक्षा, वंदना, नेहा, सरिता, नीतू, सरताज अली, राजीव गोयल, रकम सिंह, मनोज दीक्षित, मोहित, आदर्श संगल, सुप्रिया, सना सहित अनेक शिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन करियर गाइडेंस नोडल अधिकारी सुचित्रा सैनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी पूनम रानी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में प्रधानाचार्य सुभाषचंद पीईएस ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts