मुजफ्फरनगर के थाना छपार क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरनाक अंजाम को सामने ला दिया। बरला-बसेड़ा मार्ग पर स्थित एक स्कूल के सामने तेज रफ्तार से आ रही i20 कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों युवक देवबंद से भोपा थाना क्षेत्र के वजीराबाद गांव स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां जा रहे थे। मृतक की पहचान आरिश (उम्र 20 वर्ष), पुत्र अरशद, निवासी गांव रठाल, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। उसका साथी नाजिश, पुत्र इरशाद, हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।ग्रामीणों के अनुसार, कार इतनी तेज रफ्तार में थी कि अचानक संतुलन बिगड़ने पर वह सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। छपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अस्पताल भेजा गया।डॉक्टरों ने अस्पताल में आरिश को मृत घोषित कर दिया, जबकि नाजिश का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजन शव को बिना कानूनी प्रक्रिया के अपने साथ ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।















