मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण द्वारा विकास क्षेत्र शामली में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। यह ध्वस्तीकरण कार्यवाही मंडलायुक्त सहारनपुर मण्डल की प्रेरणा तथा उपाध्यक्ष मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण, कविता मीना के निर्देशों के अनुपालन में की गई। कार्रवाई के तहत पानीपत बाईपास स्थित ड्रीम सिटी फेज-1 के सामने लगभग 9 बीघा भूमि तथा मदर लैण्ड पब्लिक स्कूल के पास लगभग 3 बीघा भूमि पर हो रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया।इन दोनों स्थलों पर अमित अग्रवाल, अनुज प्रधान, सन्नी, अनिल जैन और पंकज जैन द्वारा बिना विकास प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण द्वारा इन भू-स्वामियों को पूर्व में नोटिस जारी कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद चालानी कार्यवाही के तहत ध्वस्तीकरण आदेश भी पारित किए गए, लेकिन संबंधित व्यक्तियों द्वारा समय रहते अवैध निर्माण नहीं हटाया गया।मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने मौके पर पहुंचकर कुल लगभग 12 बीघा भूमि पर अवैध रूप से बनाई जा रही कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। साथ ही स्थानीय थाने की पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।प्राधिकरण की इस सख्त कार्यवाही से अवैध कॉलोनी बनाने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति के कोई भी प्लॉटिंग या निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता, और यदि ऐसा होता है तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने जनता से अपील की है कि किसी भी भूखंड की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें।















