ग्रामीण विकास व पंचायती राज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने बजट 2025-26 में सिरोही जिले को मिली ऐतिहासिक सौगातों को लेकर पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने सिरोही जिले के समग्र विकास के लिए शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, सड़क, धार्मिक स्थल, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इनमें सिरोही में कृषि महाविद्यालय की स्थापना प्रमुख है, जिसकी लंबे समय से मांग की जा रही थी। अब जिले के युवाओं को कृषि क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
सरकार ने सड़कों के मरम्मत, चौड़ाईकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए भी बजट में प्रावधान किया है। 21 करोड़ रुपये की लागत से कृष्णागंज-सियाकरा-सानपुर सड़क (16 किमी) का चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसी तरह, 18 करोड़ रुपये की लागत से बागसीन-वान-कैलाशनगर सड़क (18 किमी) का विस्तार होगा। 18.68 करोड़ रुपये की लागत से शहरी जल योजना के पुनर्गठन का कार्य पिंडवाड़ा-आबू-सिरोही क्षेत्र में किया जाएगा। इसके अलावा, 1.60 करोड़ रुपये की लागत से सांचौर (एनएच 15) रानीवाड़ा-मंडार-आबूरोड (एसएच 11) सड़क (107 किमी) की डीपीआर बनवाई जाएगी।
पिंडवाड़ा के प्राचीन मार्कुडेश्वर महादेव मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। आबूरोड, शिवगंज और सिरोही के रोडवेज बस स्टैंडों का जीर्णोद्धार भी किया जाएगा। धार्मिक स्थलों के विकास के तहत सारणेश्वर महादेव मंदिर और चामुंडा माता मंदिर मुंडारा के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य करवाए जाएंगे।
हवाई सेवाओं के विस्तार के तहत सिरोही में हवाई पट्टी का उन्नयन कर उसे बड़े हवाई जहाजों के योग्य बनाया जाएगा। माउंट आबू में एयरो स्पोर्ट्स एक्टिविटीज शुरू की जाएंगी। शिक्षा क्षेत्र में पॉलिटेक्निक महाविद्यालय सिरोही में सिविल ब्रांच की शुरुआत होगी। आबूरोड-सिरोही में कन्या महाविद्यालय की स्थापना और रेवदर-सिरोही महाविद्यालय में नए विषय जोड़े जाएंगे। माउंट आबू के गोल्फ कोर्स और पोलोग्राउंड के पुनरुद्धार से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में नए सुधारों के तहत ई-हेल्थ रिकॉर्ड बनाने का कार्य जून 2025 तक पूरा किया जाएगा। राज्य में टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित मरीजों के लिए सभी जिला चिकित्सालयों में डायबिटिक क्लीनिक्स स्थापित करने की योजना है। प्रदेश में हीमो डायलिसिस सुविधा का विस्तार करते हुए सभी जिला चिकित्सालयों में 10-10 बेड की व्यवस्था की जाएगी। गंभीर और असाध्य रोगों के इलाज के लिए डे-केयर सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे।
खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और प्रभावी नियंत्रण के लिए सिरोही में खाद्य प्रयोगशाला की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं, जिले में विद्यालय स्तर पर सावित्रीबाई फुले छात्रावास खोला जाएगा।
पत्रकार वार्ता में पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्रसिंह चौहान, जिला महामंत्री नरपतसिंह राणावत, प्रदेश किसान मोर्चा उपाध्यक्ष गणपतसिंह राठौड़, नारायण देवासी सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।















