लोकसभा चुनाव 2024:बसपा सुप्रीमो मायावती ने अब यूपी की चार और सीटों पर प्रत्याशियों का एलान किया। पार्टी के कुल 13 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया। पार्टी ने मेरठ, बागपत, कानपुर और अकबरपुर सीट पर नाम का एलान किया।
मेरठ में बहुजन समाज पार्टी ने लोकसभा चुनाव को लेकर शंखनाद कर दिया। गढ़ रोड स्थित बुद्धा गार्डन में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में मेरठ हापुड़ लोकसभा सीट के प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया गया। बसपा के पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी शमसुद्दीन राईन ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन मायावती ने मेरठ हापुड़ लोकसभा सीट से देवव्रत त्यागी को उम्मीदवार बनाया है।
वहीं भाजपा-रालोद गठबंधन के बाद बसपा ने बागपत लोकसभा सीट के लिए दिल्ली हाईकोर्ट के अधिवक्ता प्रवीण बंसल को प्रत्याशी घोषित किया है। प्रवीण खेकड़ा के घिटौरा गांव के रहने वाले हैं। चुनाव की घोषणा होते ही बसपा ने बागपत लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतार दिया। बसपा जिलाध्यक्ष विक्रम भाटी ने बताया कि पार्टी ने घिटौरा गांव के रहने वाले प्रवीण बंसल को प्रत्याशी घोषित किया है। प्रवीण बंसल दिल्ली हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते है। वे दिल्ली विधानसभा की रोहताशनगर सीट से बसपा के टिकट पर 2015 में चुनाव लड़ चुके है।
कानपुर से बसपा ने कुलदीप भदौरिया उर्फ सचिन को टिकट दिया। कानपुर से बसपा उम्मीदवार कुलदीप भदौरिया की व्यापारिक संगठनों में गहरी पैठ है। बसपा ने कानपुर लोकसभा सीट पर ठाकुर प्रत्याशी को वोट देकर सभी को चौंका दिया है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने ब्राह्मण और ठाकुर का संतुलन बनाते हुए बसपा के वोट बैंक को मजबूत करने की योजना से यह गणित बैठाया है।
अकबरपुर से बसपा ने राजेश द्विवेदी के नाम का एलान किया है। सीट से बसपा ने ब्राह्मण प्रत्याशी को उतारा। अकबरपुर लोकसभा सीट पर बहुजन समाज पार्टी से पहले भी ब्राह्मण प्रत्याशी के रूप में अनिल शुक्ला वारसी को जीत हासिल हो चुकी है।























































