मुजफ्फरनगर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने जनपद के सदर ब्लॉक और नगर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षिक गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, स्वच्छता और विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कंपोजिट विद्यालय बीबीपुर (नगर क्षेत्र) में एक सहायक अध्यापक आकस्मिक अवकाश पर मिले, जबकि अन्य समस्त स्टाफ उपस्थित था। विद्यालय में 138 पंजीकृत विद्यार्थियों के सापेक्ष 119 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। बच्चों से अंग्रेजी और गणित विषय से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका उन्होंने संतोषजनक उत्तर दिया। विद्यालय में स्मार्ट क्लास, इको क्लब, शिक्षण-अधिगम सामग्री, शौचालय, पेयजल और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय सिलाजुड़ी के निरीक्षण में सभी शिक्षक उपस्थित मिले। यहां 97 नामांकित विद्यार्थियों में से 81 उपस्थित थे। विद्यालय की भौतिक स्थिति संतोषजनक पाई गई, लेकिन शैक्षिक स्तर में गुणात्मक सुधार की आवश्यकता जताई गई। कई बच्चे बिना पूर्ण यूनिफॉर्म के पहुंचे थे, जिस पर प्रधानाध्यापक को प्रतिदिन सभी बच्चों की यूनिफॉर्म सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय की रंगाई-पुताई और पेंटिंग का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए। विद्यालय में शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था संतोषजनक मिली।
उच्च प्राथमिक विद्यालय सिलाजुड़ी में दो शिक्षिकाएं चिकित्सा अवकाश पर थीं, जबकि अन्य स्टाफ उपस्थित मिला। यहां 30 नामांकित विद्यार्थियों में से 19 उपस्थित पाए गए। विद्यालय की भौतिक स्थिति, शैक्षिक वातावरण, मध्यान्ह भोजन, शौचालय और पेयजल व्यवस्था संतोषजनक रही। हालांकि यहां भी बच्चों की यूनिफॉर्म को लेकर सुधार की आवश्यकता महसूस की गई, जिस पर प्रभारी शिक्षक को नियमित रूप से सभी विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बीएसए ने शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, अनुशासन और विद्यालयों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।























































