मुजफ्फरनगर में आगामी उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।यह परीक्षा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 14 मार्च 2026 और 15 मार्च 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसी क्रम में 12 मार्च 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हाल में सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए पुलिसकर्मियों की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस ब्रीफिंग में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस बल को परीक्षा ड्यूटी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और उन्हें पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया।ब्रीफिंग के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा जैसे संवेदनशील आयोजन में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है, इसलिए सभी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पूरी गंभीरता और अनुशासन के साथ निभाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान साफ-सुथरी वर्दी पहनें और अपने साथ ड्यूटी कार्ड अनिवार्य रूप से रखें। साथ ही उन्हें अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचने और परीक्षा केंद्रों के आसपास पूरी सतर्कता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ड्यूटी के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति या अवांछित गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत आवश्यककार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी जाए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिनों में परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ या जाम की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ यातायात व्यवस्था संभालें। साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना भी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को यह भी निर्देश दिया कि किसी भी छोटी या बड़ी सूचना को नजरअंदाज न करें और तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।इस ब्रीफिंग कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, पुलिस उपाधीक्षक (पर्यवेक्षक) जगदीश कालीरमन, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने परीक्षा के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।















