दिल्ली में 18वें BRICS नेताओं के शिखर सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खास तैयारियां की हैं. इसी के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. इसके तहत आज शनिवार (12 सितंबर) को कई प्रमुख सड़कों पर यातायात संबंधी पाबंदियां लागू रहेंगी. इसके साथ ही दिल्ली में भारत मंडपम के बाहर दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. वहीं दिल्ली पुलिस की स्वाट टीमों को भी तैनात किया गया है. राजधानी दिल्ली में आज कई देशों के राष्ट्रीय अध्यक्ष और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहुंचने वाले हैं. जिसके मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया गया है.वहीं राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर प्रतिबंध रहेगा, इसका असर खासकर भारत मंडपम, प्रगति मैदान के आसपास की सड़कों पर पड़ेगा. BRICS शिखर सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने कई डायवर्जन पॉइंट के अलावा कई मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की गई है.
कई महत्वपूर्ण मार्गों पर भी यातायात नियंत्रित
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सुबह 9:30 बजे से रात 12:30 बजे तक कई सड़कों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे. ट्रैफिक एडवाइजरी मैप के अनुसार, सेंट्रल दिल्ली क्षेत्र को नोर्थ, साउथ, ईस्ट और वेस्ट दिल्ली से जोड़ने वाले कई महत्वपूर्ण मार्गों पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा. मैप में वैकल्पिक रास्तों को नीले रंग से, नियंत्रित मार्गों को संतरी, प्रतिबंधित मार्गों को बैंगनी और डायवर्जन पॉइंट को लाल स्टार से दर्शाया गया है.
कौन से मार्ग रहेंगे प्रभावित?
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, भारत मंडपम सहित लुटियंस दिल्ली और उसके आसपास के प्रमुख मार्गों ट्रैफिक पाबंदिया और डायवर्जन लागू रहने वाले हैं. एडवाइजरी में बताया गया है कि रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग, इंडिया गेट/सी-हेक्सागन क्षेत्र, सरदार पटेल मार्ग, पटेल रोड, एनएच-48 और परेड रोड के अलावा लुटियंस दिल्ली क्षेत्र की कई सड़कों पर वाहनों को नियंत्रण और डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है.
वैकल्पिक मार्ग पर एक नजर
मैप में बताया गया है कि सेंट्रल दिल्ली की ओर जाने वाले बीएसजेड मार्ग, आईटीओ के पास वाले आईपी मार्ग दिल्ली गेट जैसे वैकल्पिक मार्ग का सहारा ले सकते हैं. ई दिल्ली और कॉनॉट प्लेस जाने वाले सिकंदरा रोड समेत दूसरी वैकल्पिक मार्गों का इस्तमेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के साथ-साथ एयरपोर्ट तक जाने के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं.
यात्रियों को दिल्ली पुलिस की सलाह
दिल्ली पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वो अपनी यात्रा के दौरान किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें. इसके साथ ही पुलिस ने जितना संभव हो सके मेट्रो का इस्तेमाल करने का आग्रह किया है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गो का इस्तेमाल करने और सुविधा से बचने के लिए यातायात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को भी कहा है.पुलिस ने कहा कि आपातकालीन और आवश्यक सेवा वाले वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा. बता दें कि भारत 12 और 13 सितंबर को यहां 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है. इसी के मद्देनजर यातायात से जुड़े ये अहम बदलाव किये गए हैं.























































