ईंट भट्ठा मालिकों ने मासिक सर्वे आदेश के खिलाफ किया प्रदर्शन, मंत्री के आश्वासन पर धरना समाप्त

मुजफ्फरनगर। प्रदेशभर के भट्टा. मालिकों और पदाधिकारियों ने बुधवार को ईंट भट्ठों पर राज्य कर मुख्यालय लखनऊ द्वारा जारी मासिक सर्वेक्षण आदेश के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया। आंदोलन जन कल्याण के संयोजक एवं ईंट निर्माता कल्याण समिति अध्यक्ष प्रमोद बालियान के नेतृत्व में भारी संख्या में भट्टा स्वामी गांधीनगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। सुबह 9 बजे से सभी लोगों ने कार्यालय परिसर के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू किया और सरकार से आदेश वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल भट्टा मालिकों का कहना था कि राज्य कर विभाग द्वारा मासिक सर्वेक्षण का आदेश उद्योग पर अनावश्यक दबाव डालने वाला है। उनका आरोप है कि यह निर्णय ईंट उद्योग को आर्थिक रूप से कमजोर करने के उद्देश्य से लिया गया है। भट्ठा संचालकों ने कहाकि यह उद्योग हजारों श्रमिकों के रोजगार का आधार है, लेकिन लगातार नए नियम और टैक्स बोझ से व्यापारियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

धरने के दौरान समिति अध्यक्ष प्रमोद बालियान ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से मंत्री को सुझाव दिया कि प्रदेश स्तर पर सभी भट्टा मालिक सर्वेक्षण आदेश पर तत्काल रोक और समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल की बैठक कराई जाए ताकि उद्योग की परेशानियों को सीधे शीर्ष स्तर तक रखा जा सके। इस पर मंत्री ने बताया कि उन्होंने बीती रात ही प्रमुख सचिव से इस विषय पर चर्चा कर ली है और भट्टा मालिकों की चिंताओं को गंभीरता से रखा है।

मंत्री ने भरोसा दिलाया कि भट्टा प्रतिनिधिमंडल का नाम उपलब्ध कराते ही उन्हें मुख्यमंत्री से बैठक का समय दिलाया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन व्यवसायियों द्वारा सही जीएसटी नहीं दिया जा रहा है, उनमें सुधार करना होगा। सरकार उद्योग को बढ़ावा देना चाहती है, लेकिन टैक्स व्यवस्था में पारदर्शिता भी आवश्यक है। मंत्री के आश्वासन के बाद भट्टा मालिकों ने धरना समाप्त कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन महामंत्री बलराम तायल ने किया। बैठक में मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर समेत कई जनपदों से पदाधिकारी और भट्टा मालिक शामिल हुए। मेरठ से सतीश गुप्ता, संजय गोदावरी, जितेंद्र सिंह, संजीव करनावल, तूफानी, अनिल, बिजनौर से ओमवीर सिंह, अनिल प्रमुख, अजीम नगीना, हरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, राजीव गोयल, अमित कुमार, इजहार, सहारनपुर से सन्तरपाल सिंह, सन्नी चौधरी, बृजभूषण शर्मा, ओमवीर चौधरी, रामवीर, बॉबी चौधरी, बब्लू चौधरी, जमील, रजनीश मेहता, मनोज राठी और मुजफ्फरनगर से कृष्ण त्यागी, हाजी जियाउर्रहमान, वेद प्रकाश आर्य, करणवीर, अशोक कुमार, पप्पू प्रधान, नईम राणा, सुखेंद्र तोमर, देवेंद्र बडसू सहित बड़ी संख्या में समिति पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts