मुजफ्फरनगर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले में रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय संस्था समर्पित युवा समिति और समर्पित महिला शक्ति की ओर से एम.जी. पब्लिक स्कूल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने भाग लेकर मानवता की सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, भाजपा नेत्री ममता अग्रवाल, भाजपा नेता विशाल गर्ग, सभासद सतीश कुकरेजा, सभासद हिमांशु कौशिक और समाजसेवी सोनिया लूथरा सहित कई गणमान्य लोग पहुंचे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
रक्तदान शिविर में करीब 50 रक्तवीरों और रक्तवीरांगनाओं ने रक्तदान कर अपना रक्त मातृशक्ति को समर्पित किया। शिविर की खास बात यह रही कि इसमें महिलाओं की भागीदारी काफी अधिक रही और कुल रक्तदाताओं में एक चौथाई से अधिक महिलाएं शामिल रहीं। आयोजकों के अनुसार शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था, जिसमें काफी हद तक सफलता भी मिली। शिविर के दौरान करीब 35 महिलाओं ने अपने रक्त की जांच करवाई, हालांकि स्वास्थ्य और अन्य कारणों के चलते लगभग 20 महिलाएं रक्तदान नहीं कर सकीं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने इस पहल को खास बना दिया।
समर्पित महिला शक्ति की संयोजिका मनी पटपटिया ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से एम.जी. पब्लिक स्कूल में अलग-अलग अवसरों पर समर्पित परिवार की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल की प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग सहित पूरे एम.जी. परिवार का आयोजन को सफल बनाने में हमेशा भरपूर सहयोग मिलता है, जिसके कारण हर बार शिविर सफल रहता है और अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए प्रेरित होते हैं।रक्तदान शिविर को सफल बनाने में राखी ग्रोवर, मेघा बाटला, मोनिका सिंघल, अंशु भाटिया, मोनाली पवार और शालिनी आनंद सहित कई महिला सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अलावा समर्पित युवा समिति के सभी सदस्यों ने भी शिविर की व्यवस्था और संचालन में सहयोग किया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के शिविर समाज में रक्तदान के महत्व को बढ़ावा देने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होते हैं।















