मुजफ्फरनगर के विकासखंड बुढ़ाना में स्थित कंपोजिट विद्यालय इटावा में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने किया। खंड शिक्षा अधिकारी बुढ़ाना किरन यादव, वर्तमान एवं पूर्व ग्राम प्रधान इटावा सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
शुभारंभ के अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद, विद्यालय की बालिकाओं ने स्वागत गान और सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। उच्च प्राथमिक विद्यालय विज्ञाना की छात्राओं ने योगा नृत्य किया, जबकि कंपोजिट विद्यालय इटावा की छात्राओं ने सुंदर गीत “आयो रे म्हारा ढोलना” प्रस्तुत किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया और बच्चों को खेलों के महत्व पर मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि स्वस्थ और मजबूत शरीर के बिना हमारा मस्तिष्क भी सही तरीके से कार्य नहीं कर सकता। इसलिए न्याय पंचायत, ब्लॉक, जनपद, मंडल, और राज्य स्तर पर क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। उन्होंने खेल में हिस्सा लेने वाले बच्चों को पूरी लगन और आत्मविश्वास के साथ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि खेल में प्रथम, द्वितीय, या तृतीय स्थान पर न आने पर निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
खेल प्रशिक्षकों और अध्यापकों को निर्देश दिया गया कि वे बच्चों के चयन में ईमानदारी बरतें ताकि वे जनपद स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर सकें और मंडल एवं राज्य स्तर पर विद्यालय और देश का नाम रोशन कर सकें।
















