भास्कर न्यूज उत्तर प्रदेश उत्तराखंड ।
मुजफ्फरनगर । बुढ़ाना भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के सैंकड़ों कार्यकर्ता बुढ़ाना ब्लाक क्षेत्र के गांव भसाना में ट्रेक्टर सहित एकत्रित हुए। जहां पर भाकियू तहसील अध्यक्ष संजीव पंवार ने बताया कि वे मुजफ्फरनगर ट्रेक्टर मार्च में भाग लेने के लिए जा रहे हैं। उनके नेतृत्व में सैंकड़ों कार्यकर्ता भी जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार को तानाशाह सरकार बताते हुए एक सवाल के जवाब में कहा कि सरकार सही होती तो वे धरना प्रदर्शन ही क्यों करते। आज देश का किसान बहुत परेशान है। छात्र को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के बाद नौकरी नहीं मिल रही और आम आदमी दिन प्रतिदिन बढ रही महंगाई की चपेट में आकर किसान की तरह आत्महत्या कर रहा है। किसानों को गन्ने का पेमेंट समय पर नहीं मिल रहा है। कुल मिलाकर किसान और छात्र के साथ साथ आम आदमी की हालत भी खराब है। इस दौरान मुजफ्फरनगर ट्रेक्टर मार्च में भाग लेने वाले सभी किसानों ने यहां पर भाकियू जिंदाबाद और चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत अमर रहे के नारे लगाए और फिर मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुए। इस दौरान बुढ़ाना ब्लाक अध्यक्ष सुधीर सहरावत, न्याय पंचायत अध्यक्ष तैमूर राणा, इकराम पहलवान मंदवाडा और इंशाद राणा आदि मौजूद रहे।















