राजगढ़ टहला थाना क्षेत्र के ग्राम तालाब में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। टहला थाने के एएसआई पदमचंद सैन ने बताया कि शाम को सूचना मिली कि तालाब गांव में एक बाइक सवार घायल पड़ा है, जिसे डंपर ने टक्कर मार दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एम्बुलेंस से राजगढ़ चिकित्सालय भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सैंथल, रैणी निवासी दीपक (पुत्र शेरसिंह राजपूत) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि दीपक अपनी बहन के गांव सिटावट, टहला में शोक सभा में शामिल होने जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि, परिजनों की ओर से अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है।















