मुजफ्फरनगर। शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप एवं अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह स्वयं मैदान में उतरीं। दोनों अधिकारियों ने वार्ड संख्या 15 एवं 21 में चल रहे नाला निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण की प्रगति के साथ-साथ गुणवत्ता की भी गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान कहीं भी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई गई और अधिकारियों को निर्माण कार्य पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका परिषद द्वारा शाहबुदीनपुर रोड से एमए इंजीनियरिंग तक लगभग 900 मीटर लंबाई में नाला निर्माण कराया जा रहा है। यह नाला दो वार्डों से होकर गुजरता है और इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करना है। नगर पालिका की ओर से यह कार्य 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत कराया जा रहा है, जिस पर करीब 62 लाख रुपये की धनराशि व्यय की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग 500 मीटर नाला निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष कार्य को भी तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष के संज्ञान में आया कि कुछ स्थानों पर प्रयोग किया जा रहा सरिया निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। इसके अलावा एक-दो स्थानों पर नाले में लीकेज की शिकायत भी सामने आई। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए पालिका अध्यक्ष ने ठेकेदार को मौके पर ही सख्त चेतावनी दी और स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण सामग्री में किसी भी प्रकार की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी मानक के विपरीत सामग्री का प्रयोग किया गया है, उसे तत्काल हटाकर मानक के अनुरूप सामग्री लगाई जाए तथा लीकेज की समस्या को तुरंत दूर किया जाए।
पालिका अध्यक्ष ने निरीक्षण के दौरान ठेकेदार के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। उन्होंने कहा कि यह नाला निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि बरसात के मौसम में यहां जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती थी। उन्होंने निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को निर्देशित किया कि कार्य पूर्ण होने तक सतत तकनीकी पर्यवेक्षण किया जाए और हर स्तर पर गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए।
पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि बरसात के दौरान क्षेत्र भ्रमण में शाहबुदीनपुर इलाके में जल निकासी की गंभीर समस्या सामने आई थी। उसी समस्या के समाधान के लिए इस नाले का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह नाला बन जाने के बाद बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करना नगर पालिका की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।निरीक्षण के अवसर पर वार्ड सभासद रजत धीमान, अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह, सहायक अभियंता नैपाल सिंह, अवर अभियंता कपिल कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।















