ऑपरेशन सवेरा में बड़ी कामयाबी: रतनपुरी पुलिस ने 20.870 किलो गांजा के साथ कुख्यात तस्कर दबोचा

मुजफ्फरनगर जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान ऑपरेशन सवेरा के तहत रतनपुरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत पुलिस ने एक अवैध मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 किलो 870 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।यह कार्यवाही अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानु भास्कर एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के निर्देशन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और थाना प्रभारी रतनपुरी राकेश सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस अधिकारियों ने इसे नशे के खिलाफ जारी अभियान में एक अहम उपलब्धि बताया है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि थाना रतनपुरी पुलिस टीम ग्राम सठेड़ी पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम बडसू की ओर से एक मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और तेजी से रजवाहे की पटरी की ओर भागने लगा। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और सठेड़ी रजवाहे की पुलिया से फुलत की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पुलिस द्वारा की गई तलाशी में अभियुक्त के पास से 20 किलो 870 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे वह मोटरसाइकिल के माध्यम से तस्करी के लिए ले जा रहा था। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान उस्मान पुत्र अलीहसन, निवासी ग्राम चन्दसीना, थाना रतनपुरी, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त उस्मान पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली क्राइम ब्रांच सहित थाना रतनपुरी में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत कई मुकदमे दर्ज हैं।

बरामदगी के आधार पर थाना रतनपुरी में अभियुक्त के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts