LPG उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. पिछले कुछ समय से वैश्विक हालात और सप्लाई में आई रुकावटों के कारण गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी हुई थी, लेकिन अब हालात सुधरते नजर आ रहे हैं.सरकार के ताजा आंकड़ों के मुताबिक एलपीजी की सप्लाई सामान्य हो गई है और ग्राहकों को अब पहले जैसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग में अब गिरावट दर्ज की गई है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि बुकिंग की संख्या घटकर अब लगभग 46 लाख से 50 लाख के बीच रह गई है. इससे पहले यह आंकड़ा 50 लाख से अधिक था. उनका कहना है कि गर्मियों के मौसम में आमतौर पर एलपीजी की मांग थोड़ी कम रहती है, इसलिए आगे भी मांग सामान्य स्तर पर बनी रह सकती है.
सप्लाई पूरी तरह सामान्य
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि देशभर में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है. डिस्ट्रीब्यूटर्स के स्तर पर किसी भी तरह की कमी की सूचना नहीं मिली है. सुजाता शर्मा के अनुसार, एलपीजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की सप्लाई भी सुचारू रूप से जारी है. इससे साफ है कि फिलहाल ईंधन की उपलब्धता को लेकर कोई बड़ा संकट नहीं है.
गांवों में फिर शुरू हुई होम डिलीवरी
एक और बड़ी राहत यह है कि एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ने ग्रामीण क्षेत्रों में दोबारा होम डिलीवरी शुरू कर दी है. पहले कुछ इलाकों में सप्लाई बाधित होने के कारण लोगों को खुद जाकर सिलेंडर लेना पड़ रहा था, लेकिन अब घर तक डिलीवरी की सुविधा फिर से शुरू हो गई है, जिससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी.
इन राज्यों में बढ़ी गैस की मांग
हालांकि कुल बुकिंग में गिरावट आई है, लेकिन कुछ राज्यों में एलपीजी की खपत बढ़ी है. फरवरी के मुकाबले अप्रैल में दैनिक बिक्री में इजाफा देखने को मिला है. कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, राजस्थान और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में एलपीजी की मांग बढ़ी है. इससे पता चलता है कि अलग-अलग क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार खपत में बदलाव हो रहा है.
नए नियम: कितने दिन में कर सकेंगे बुकिंग?
सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर कुछ नियम भी तय किए हैं. शहरी इलाकों में अब ग्राहक 25 दिनों के अंतराल में ही नया सिलेंडर बुक कर सकते हैं. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह अवधि 45 दिनों की रखी गई है. इन नियमों का उद्देश्य गैस की उपलब्धता को संतुलित बनाए रखना है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल सके.
ओटीपी के जरिए होगी बुकिंग
एलपीजी बुकिंग प्रक्रिया को और सुरक्षित बनाने के लिए ओटीपी आधारित प्रणाली लागू की गई है. अब ग्राहक अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के जरिए ही गैस सिलेंडर बुक कर पाएंगे. बुकिंग के बाद उनके मोबाइल पर एक ओटीपी भेजा जाएगा, जिसे दिखाने पर ही सिलेंडर की डिलीवरी की जाएगी. इस व्यवस्था से फर्जी बुकिंग और गलत डिलीवरी की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी.
सरकार ने यह भी जानकारी दी है कि इस महीने अब तक घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
इसका मतलब है कि उपभोक्ताओं को फिलहाल कीमतों में बढ़ोतरी की चिंता नहीं करनी पड़ेगी.















