महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। पिंपरी-चिंचवड नगर निगम चुनाव को लेकर अजित पवार ने शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) से गठबंधन का ऐलान कर दिया है। करीब दो साल बाद यह पहला अवसर है जब राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुट एक मंच पर आए हैं। गठबंधन की घोषणा करते हुए अजित पवार ने कहा कि ‘घड़ी’ और ‘तुरहा’ अब एक हो गए हैं और परिवार फिर से एकजुट हो गया है। उन्होंने दावा किया कि यह गठबंधन पिंपरी-चिंचवड के विकास और स्थानीय जनता के हित में किया गया है। इस घोषणा के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है और निकाय चुनाव में मुकाबला और भी रोचक होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इस गठबंधन से विपक्षी दलों की रणनीतियों पर भी सीधा असर पड़ेगा।















