मुजफ्फरनगर में किसानों के लिए बड़ी सौगात, तिरपाल और मिनी ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट की बुकिंग शुरू

मुजफ्फरनगर। जनपद के किसानों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल (ऑयलसीड्स) के अंतर्गत बड़ी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने जानकारी देते हुए बताया कि अपर कृषि निदेशक (तिलहन अनुभाग), कृषि भवन लखनऊ द्वारा जारी पत्र के अनुसार जनपद को मिनी ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट एवं तिरपाल के संशोधित लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। इस योजना का उद्देश्य तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देना, किसानों की आय में वृद्धि करना और उन्हें आधुनिक कृषि संसाधनों से जोड़ना है।उन्होंने बताया कि तिरपाल की बुकिंग पूरी तरह निःशुल्क टोकन मनी के आधार पर की जाएगी। यह बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के सिद्धांत पर होगी। इच्छुक किसान 31 जनवरी 2026 से 15 मार्च 2026 तक निर्धारित अवधि में तिरपाल के लिए आवेदन कर सकते हैं। तिरपाल का उपयोग फसल की सुरक्षा, भंडारण, वर्षा से बचाव और कृषि कार्यों में सहायक उपकरण के रूप में किया जाता है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलता है।

इसके साथ ही नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल योजना के अंतर्गत मिनी ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट की सुविधा भी किसानों को दी जा रही है। इसके लिए जनपदवार टोकन मनी 5000 रुपये निर्धारित की गई है। इस यूनिट की बुकिंग ई-लाटरी प्रणाली के माध्यम से की जाएगी, जिससे चयन प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। किसान दर्शन पोर्टल 2.0 पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मिनी ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट के लिए ऑनलाइन बुकिंग की तिथि 31 जनवरी 2026 से 10 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि मिनी ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट किसानों को तिलहन फसलों जैसे सरसों, मूंगफली, सोयाबीन आदि से तेल निकालने में मदद करेगी। इससे किसान अपने उत्पाद का मूल्य संवर्धन कर सकेंगे और बाजार पर निर्भरता कम होगी। स्थानीय स्तर पर तेल निष्कर्षण से परिवहन लागत घटेगी और किसानों को बेहतर दाम मिल सकेंगे।

उन्होंने जनपद के सभी कृषकों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। तिरपाल की निःशुल्क बुकिंग तथा मिनी ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर दर्शन पोर्टल 2.0 (agridarshan.up.gov.in) पर आवेदन करें। यह योजना किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts