शाहपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 5 अवैध पैथोलॉजी लैब और एक्स-रे सेंटर सील

मुजफ्फरनगर जनपद में अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे सेंटर और झोलाछाप क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को शाहपुर कस्बे में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शाहपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण करते हुए उनके लाइसेंस, उपकरणों और अभिलेखों की गहन जांच की। जांच के दौरान कई संस्थान बिना वैध अनुमति या निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित पाए गए, जिस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच अवैध पैथोलॉजी लैब और एक्स-रे केंद्रों को सील कर दिया। सील किए गए संस्थानों में बुढ़ाना रोड स्थित कुमार पैथोलॉजी लैब, बस्सी रोड पर संचालित गौरी पैथोलॉजी लैब सर्विस, सिंगल पैथोलॉजी लैब की लैबोरेट्री यूनिट, कृष्ण फिजियोथैरेपी क्लिनिक शाहपुर में चल रहा एक्स-रे केंद्र तथा न्यू जीवन क्लिनिक इलेक्ट्रोपैथी सेंटर में स्थापित एक्स-रे मशीन कक्ष शामिल हैं। इसके अलावा निरीक्षण के दौरान कई अन्य चिकित्सा संस्थानों में अनियमितताएं और अभिलेखों से संबंधित कमियां भी पाई गईं। इन संस्थानों के संचालकों को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन संस्थानों को नोटिस दिया गया है उनमें न्यू हेल्थ केयर डायग्नोस्टिक, अहमद हॉस्पिटल शाहपुर, रॉयल पैथोलॉजी लैब बस्सी रोड और लाइफ लाइन हॉस्पिटल बस्सी रोड शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम के शाहपुर पहुंचते ही अवैध रूप से संचालित कई लैब और क्लीनिकों के संचालकों में हड़कंप मच गया और कुछ ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर बंद कर दिए। इसके बावजूद टीम ने क्षेत्र में मौजूद संदिग्ध चिकित्सा केंद्रों की क्रमबद्ध तरीके से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की। अभियान के दौरान शाहपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओ.पी. जायसवाल का भी विशेष सहयोग रहा, जबकि निरीक्षण टीम में पाकेश कुमार भी मौजूद रहे। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि जनपद में बिना वैध अनुमति या निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित किसी भी चिकित्सा संस्थान को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को सुरक्षित और मानकानुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अवैध चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts