मुजफ्फरनगर में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी कॉल के जरिए लोगों से ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध और थाना प्रभारी साइबर क्राइम सुल्तान सिंह ने किया।पुलिस के अनुसार गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विकसित ऑनलाइन पोर्टल “प्रतिबिम्ब” पर मुजफ्फरनगर जनपद से फर्जी कॉल कर लोगों के साथ साइबर धोखाधड़ी करने की कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों में बताया गया था कि अज्ञात व्यक्ति लोगों को फोन कर अलग-अलग तरीकों से झांसे में लेकर उनके साथ आर्थिक ठगी कर रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने उन मोबाइल नंबरों और बैंक खातों का विश्लेषण किया जिनका इस्तेमाल धोखाधड़ी की घटनाओं में किया गया था।जांच में यह सामने आया कि जिन मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के जरिए लोगों से ठगी की जा रही थी, वे मुजफ्फरनगर जनपद में ही संचालित हो रहे थे। इसके बाद साइबर क्राइम पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की और उसकी तलाश शुरू कर दी। लगातार निगरानी और छानबीन के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी में प्रयुक्त मोबाइल नंबरों और बैंक खातों से संबंधित जानकारी भी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा लोगों को फर्जी कॉल कर उन्हें विभिन्न बहानों से अपने जाल में फंसाकर पैसे ठगने की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कितने लोगों को इस तरीके से ठगी का शिकार बनाया गया है।थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या मैसेज के झांसे में न आएं और साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत साइबर हेल्पलाइन या संबंधित पोर्टल पर दर्ज कराएं।















