अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ से जो बाइडन बाहर हो चुके हैं। डेमोक्रेटिक ने अब उप राष्ट्रपति कमला हैरिस को उम्मीदवार के तौर पर उतारा है। कमला हैरिस की एंट्री के बाद से राष्ट्रपति चुनाव का मुकाबला कड़ा हो गया। राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ से बाइडन के बाहर होने पर ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बाइडन को इस दौड़ से जबरदस्ती बाहर किया गया है। उन्होंने यह बयान शनिवार को मिनेसोटा में चुनावी रैली के दौरान दिया। रैली में ट्रंप ने इसे डेमोक्रेट्स की तरफ से किया गया तख्तापलट बताया।
ट्रंप ने बताया डेमोक्रेट्स का तख्तापलट
रैली में ट्रंप ने उन्होंने कहा कि यह डेमोक्रेट्स द्वारा किया गया तख्तापलट है। यह एक ऐसे व्यक्ति का तख्तापलट था, जिनके पास 14 मिलियन वोट थे। उन्होंने आगे कहा, “वह (बाइडन) चुनावी मुकाबले में दौड़ना चाहते थे, लेकिन उन्हें दौड़ने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने ([डेमोक्रेट्स) उनके साथ बहुत बुरा व्यवहार किया।” उन्होंने उनसे कहा, “हम इसे अच्छे तरीके से कर सकते हैं। हम इसे कठिन तरीके से कर सकते हैं।” उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रपति पद के साथ तख्तापलट था।”
ट्रंप ने कहा, “उन्होंने उन्हें (बाइडन) 25वें संशोधन की धमकी दी। उन्होंने कहा जो हम आपको 25वें संशोधन की धमकी देते हैं। आपकी मानसिक और शारीरिक स्थिति ठीक नहीं है। अगर आप खुद से इस दौड़ से बाहर नहीं होते हैं तो आपको हम 25वें संशोधन का इस्तेमाल करते हुए बाहर कर देंगे।” बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी की हत्या के बाद राष्ट्रपति पद का उत्तराधिकार निर्धारित करने के लिए अमेरिकी संविधान का 25वां संशोधन कांग्रेस ने पारित किया था। यह उपराष्ट्रपति और कैबिनेट को राष्ट्रपति को शारीरिक रूप से अक्षम पाए जाने पर उन्हें पद से हटाने की भी शक्ति देता है।
ट्रंप ने दावा करते हुए कहा, “फेक न्यूज का कहना है कि बाइडन बहुत बहादूर हैं, लेकिन सच यह है कि उन्हें जबरदस्ती दौड़ से बाहर किया गया।” 81 वर्षीय बाइडन ने 20 जुलाई को राष्ट्रपति की दौड़ से बाहर होने की घोषणा की थी। इसी के साथ उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस के नाम का समर्थन किया। राष्ट्रपति चुनाव की रेस में कमला हैरिस डोनाल्ड ट्रंप को कड़ी टक्कर दे रही हैं।















