सहारनपुर। Youth Everest Foundation के तत्वावधान में मां शाकुंभरी देवी विश्वविद्यालय में आयोजित एक गरिमामय सम्मान समारोह में समाज सेवा, स्वैच्छिक रक्तदान, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हेल्पिंग हैंड ब्लड हेल्पलाइन (BHL) टीम को प्रतिष्ठित “यूथ आइकॉन अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान वर्षों से जरूरतमंद मरीजों को आपातकालीन रक्त उपलब्ध कराने, युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने में BHL टीम द्वारा निभाई जा रही सक्रिय भूमिका के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम में BHL टीम के संस्थापक एवं अध्यक्ष मुदस्सिर नदीम के विशेष योगदान की भी सराहना की गई। उन्होंने अब तक 135 बार स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा और समाज के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनके इस प्रेरणादायी कार्य को युवाओं के लिए अनुकरणीय बताते हुए अतिथियों ने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देते हैं।
समारोह में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य अतिथियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के प्रति समर्पित युवा और सामाजिक संगठन राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं तथा ऐसे लोगों को सम्मानित करना दूसरों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। सम्मान प्राप्त करने पर उपस्थित सभी अतिथियों ने हेल्पिंग हैंड ब्लड हेल्पलाइन (BHL) टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर जनसेवा के संकल्प की सराहना की। Youth Everest Foundation के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि संस्था भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा और मानवता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं, सामाजिक संगठनों और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित करती रहेगी, ताकि समाज में सकारात्मक परिवर्तन, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। इस अवसर पर हाफिज मुदस्सिर नदीम, अफजल खान, मुजाहिद नदीम, साजिद खान, मोहसिन खान, निजाम मलिक, वजाहत अली खान, मोइन रहमान, सुभान खान, हासन सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।























































