मुजफ्फरनगर में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में ‘भारत एकता मिशन‘ कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पाल समाज के लोगों ने आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिससे संगठन को सामाजिक समर्थन का मजबूत आधार मिला।मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान शासन व्यवस्था गरीब, किसान और मजदूर विरोधी हो चुकी है। सरकारी प्राथमिक स्कूलों को बंद किया जा रहा है, जहां गरीबों और श्रमिकों के बच्चे शिक्षा प्राप्त करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह शिक्षा से वंचित करने की सुनियोजित साजिश नहीं है?विनय रतन ने आरोप लगाया कि देश की प्रशासनिक और न्यायिक व्यवस्था जाति आधारित हो गई है। उन्होंने कुशीनगर की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को उसकी जाति के आधार पर बचा लिया गया, जबकि पीड़ित परिवार को ही जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि जब आरोपी के ब्राह्मण होने की पुष्टि हुई तो उपमुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से 24 घंटे में मुकदमा ही खत्म करा दिया गया।कार्यक्रम में उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा पर चिंता जताई और कहा कि आज देश में जो सच बोलता है, उसकी आवाज दबा दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार संविधान की जगह मनुस्मृति के अनुसार शासन चला रही है।विनय रतन ने धार्मिक सौहार्द्र पर भी जोर दिया और कहा कि कावड़ यात्रा के दौरान 70% सेवा मुस्लिम समाज करता है, लेकिन भाजपा और आरएसएस समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों से अपील की कि यदि कावड़ यात्रा में किसी भी प्रकार की परेशानी हो, तो वे भीम आर्मी से संपर्क करें, जो हर हाल में साथ खड़ी है।















