राजगढ़ में भव्य कलश यात्रा के साथ भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ की शुरुआत

राजगढ़ (अलवर)। शिव मित्र मंडल सेवा समिति की ओर से राजगढ़ कस्बे में आयोजित होने वाले भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम की शुरुआत  एक भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। यह यात्रा कस्बे के गणेश पोल स्थित प्राचीन गणेश मंदिर से बैंड-बाजे और डीजे के साथ प्रारंभ हुई। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन 31 जुलाई से नवीन बस स्टैंड स्थित कथा स्थल पर शुरू होगा, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से कथा वाचन और रात्रि 8 बजे से जागरण का आयोजन किया जाएगा।

कलश यात्रा का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जहां ध्वज और कलश की पूजा गणेश मंदिर में की गई। इसके बाद यात्रा माचाड़ी चौक, चौपड़ बाजार, गोल सर्किल व सराय बाजार से होते हुए कथा स्थल तक पहुंची। इस पावन यात्रा में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए। महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण किए भजनों की मधुर धुनों पर आगे बढ़ रही थीं, जबकि पुरुष भक्त हाथों में ध्वज लेकर भगवान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

यात्रा की विशेष आकर्षण का केंद्र शिव तांडव, शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण की जीवंत झांकियां रहीं, जिन्हें देखकर उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर हो उठा। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि कथा वाचन अमन भारती महाराज द्वारा किया जाएगा और प्रतिदिन अलग-अलग कलाकार जागरण में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह धार्मिक आयोजन 6 अगस्त तक चलेगा। समापन दिवस पर प्रातः 8 बजे हवन यज्ञ, साढ़े 9 बजे पूर्णाहुति और दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन होगा। आयोजन समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts