मुजफ्फरनगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा विकास खंड बुढ़ाना के परिषदीय प्राथमिक विद्यालय फुगाना-1 व 2 का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय फुगाना-2 में समस्त स्टाफ उपस्थित पाया गया। कुल नामांकित 78 बच्चों में से 46 छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। विद्यालय की भौतिक स्थिति और शैक्षिक स्तर संतोषजनक पाया गया। अधिकांश बच्चे आंशिक रूप से यूनिफॉर्म में थे, जबकि मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार उपलब्ध कराया जा रहा था। विद्यालय में शौचालय और स्वच्छ जल की सुविधा क्रियाशील अवस्था में मिली।
प्राथमिक विद्यालय फुगाना-1 में निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया, जिसमें श्रीमती मंजू रानी सहायक अध्यापिका बाल्य देखभाल अवकाश पर पाई गईं, जबकि अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। कुल 113 नामांकित बच्चों में से 83 छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। विद्यालय की शैक्षिक और भौतिक स्थिति संतोषजनक मिली। अधिकतर बच्चे यूनिफॉर्म में थे और मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार दिया जा रहा था। स्वच्छ जल और शौचालय की सुविधाएं भी सुचारू रूप से कार्यरत पाई गईं।इसके अतिरिक्त, ब्लॉक संसाधन केंद्र बुढ़ाना का भी निरीक्षण किया गया, जहां श्री अमित कुमार, लिपिक आकस्मिक अवकाश पर पाए गए, जबकि अन्य स्टाफ उपस्थित मिला। समेकित शिक्षा के तहत नोडल अध्यापकों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम (13 फरवरी से 18 फरवरी, 2025 तक) संचालित पाया गया। उपस्थित प्रशिक्षुओं को विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा को लेकर जागरूक किया गया। निर्देश दिया गया कि ऐसे बच्चों को अन्य छात्रों के साथ ही बैठाया जाए ताकि वे अलग महसूस न करें। उन्हें अतिरिक्त प्रयासों की आवश्यकता होती है, इसलिए उनकी समस्याओं को समझकर उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए।















