बागपत।बिचपड़ी गांव के ग्राम प्रधान ने प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर मिड-डे-मिल का चावल बेचने और बच्चों की पिटाई करने का आरोप लगाया है। उन्होंने स्कूल की लाइट व अन्य सामान भी बेचने का आरोप लगाया है।ग्राम प्रधान ने बीएसए से शिकायत कर उनका स्कूल से स्थानांतरण कराने और जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इसका एक वीडियो भी वायरल किया है।
ग्राम प्रधान फिरे सिंह ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक मोहन सिंह ने कुछ दिन पहले स्कूल से बच्चों के मिड-डे-मिल का चावल बेच दिया था। स्कूल के दो बच्चों सत्यम और संयम ने इसकी जानकारी अभिभावकों को दी थी। जिस पर प्रधानाध्यापक ने दोनों बच्चों की पिटाई कर दी। बुधवार को ग्राम प्रधान स्कूल पहुंचे और उन्होंने प्रधानाध्यापक से चावल बेचने और बच्चे की पिटाई करने के बारे में जानकारी ली।
इसको लेकर प्रधान व प्रधानाध्यापक के बीच नोकझोंक भी हुई। उन्होंने बीएसए से प्रधानाध्यापक का स्कूल से स्थानांतरण करने और उनके खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान ने इसका एक वीडियो भी वायरल किया है, जिसमें प्रधानाध्यापक खुद के कुछ भी करने का अधिकार बता रहे है। वीडियो में वह मेज पर पैर रखकर कुर्सी को पीछे की तरफ झुकाकर लेटे हुए है।
मुझ पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। ग्राम प्रधान बार-बार चावल बेचने का आरोप लगा रहे थे। इस बारे में मैंने उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है। इस तरह मुझ पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। – मोहन कुमार, प्रधानाध्यापक















