जिला विद्यालय निरीक्षक को पारिश्रमिक के अनुसार सत्यापन कर रिपोर्ट क्षेत्रीय कार्यालय को भेजने के दिए निर्देशसंवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के पारिश्रमिक का भुगतान करने के लिए ब्योरा मांगा है।
शासन ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पारिश्रमिक के अनुसार कर्मचरियों के भुगतान का सत्यापन कर रिपोर्ट क्षेत्रीय कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी करने वाले केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, लिपिक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के लिए अलग-अलग पारिश्रमिक निर्धारित किया गया है। केंद्र व्यवस्थापक को 160 रुपये प्रतिदिन, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के लिए 106 रुपये प्रतिदिन, कक्ष निरीक्षक को 90 रुपये,लिपिक को 66 रुपये प्रतिदिन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को 53 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किया गया है। इसके अलावा संकलन केंद्र पर मुख्य नियंत्रक को 67 रुपये प्रतिदिन, उपनियंत्रक को 53 रुपये, सह नियंत्रक को 48 रुपये, कोठारी को 44 रुपये, तृतीय श्रेणी कर्मचारी को 30 रुपये और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को 14 रुपये प्रतिदिन का पारिश्रमिक निर्धारित किया गया है। परिषद ने बोर्ड परीक्षा और मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के पारिश्रमि का सत्यापन कर क्षेत्रीय कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों के पारिश्रमिक का भुगतान क्षेत्रीय कार्यालय की मांग के आधार पर किया जाएगा।















