राजगढ़ (अलवर)। राजकीय महाविद्यालय मालाखेड़ा में अध्ययनरत बी.ए. प्रथम वर्ष के नियमित विद्यार्थियों की द्वितीय सेमेस्टर की मिड टर्म परीक्षाएं 9 जून 2025 से प्रारंभ हो रही हैं। यह जानकारी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवि कुमार विजय ने दी। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं राज ऋषि भृतर्हरी मत्स्य विश्वविद्यालय, अलवर के निर्देशानुसार आयोजित की जा रही हैं। मिड टर्म परीक्षाओं का आयोजन सोमवार 9 जून से शनिवार 15 जून 2025 तक महाविद्यालय परिसर में किया जाएगा।
इन परीक्षाओं में बी.ए. प्रथम वर्ष द्वितीय सेमेस्टर के सभी नियमित विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि इन मिड टर्म परीक्षाओं में प्राप्त अंकों को विश्वविद्यालय की मुख्य अंकतालिका में जोड़ा जाएगा, जिससे विद्यार्थियों के कुल अंकों पर सीधा प्रभाव पड़ेगा।
परीक्षा से संबंधित विस्तृत समय सारणी महाविद्यालय के सूचना बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है और साथ ही विद्यार्थियों के द्वितीय सेमेस्टर वाले व्हाट्सएप ग्रुप में भी साझा की जा चुकी है। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए विद्यार्थियों को अपने साथ महाविद्यालय का परिचय पत्र तथा प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा का प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य होगा।
प्राचार्य ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा के दिन अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय जिम्मेदार नहीं होगा और वे स्वयं अपनी अनुपस्थिति के लिए उत्तरदायी होंगे। ऐसे में विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि व समयानुसार समय पर परीक्षा में उपस्थित होकर अनुशासित तरीके से भाग लें।















