मुजफ्फरनगर। अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर जिले में पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में जनजागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन तथा प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग अभिनव राज के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यशाला का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया, जिन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जिला समन्वयक रिया सिंह एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सुमन तोमर का स्वागत किया। कार्यशाला में बाल विकास परियोजना बुढ़ाना की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर “प्लास्टिक का थैला, पर्यावरण करे मैला” विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रश्मि को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि प्रत्येक वर्ष 3 जुलाई को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस लोगों को प्लास्टिक बैग के पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और इसके विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करता है। वक्ताओं ने कहा कि कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग जैसी छोटी-छोटी आदतें भी पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दे सकती हैं। कार्यशाला में प्लास्टिक प्रदूषण से होने वाले नुकसान पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया गया कि सिंगल यूज प्लास्टिक महासागरों, नदियों और भूमि को प्रदूषित करता है, जिससे वन्यजीवों, विशेषकर समुद्री जीवों और पक्षियों के जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न होता है।
मुजफ्फरनगर के 40 मेधावी छात्र-छात्राओं को मिलेगा ‘राधेश्याम मिश्रा स्मृति अवार्ड.
इसके साथ ही प्लास्टिक के उत्पादन में जीवाश्म ईंधन की खपत बढ़ने से जलवायु परिवर्तन की समस्या भी गहराती है। वक्ताओं ने कहा कि यदि समाज पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाए तो प्लास्टिक प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कार्यशाला में सुपरवाइजर शिवानी एवं दीपा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में बाल विकास परियोजना अधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने, कपड़े अथवा जूट के थैलों को अपनाने और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।















