मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत मेडिकल कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मुजफ्फरनगर जिले में महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को सुरक्षा एवं आत्मरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा समाज की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि असुरक्षा या समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए कई माध्यम उपलब्ध हैं। उन्होंने हेल्पलाइन नंबरों और विभिन्न सुरक्षा ऐप्स की जानकारी दी, ताकि जरूरत पड़ने पर छात्राएं तुरंत इनका उपयोग कर सकें। साथ ही, उन्होंने डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन शोषण और साइबर क्राइम से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ को POSH अधिनियम 2013 (कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध और निवारण) के बारे में भी अवगत कराया गया।

इस कार्यक्रम में 800 से अधिक विद्यार्थी, चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाना है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने यह भी कहा कि आज का समय डिजिटल युग है और ऑनलाइन सुरक्षा पर ध्यान देना भी बेहद जरूरी है। साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी खतौली रामआशीष यादव, कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रोहताश कंवर यादव, एसडी कॉलेज डायरेक्टर चंचल, कार्तिक स्वरूप, शलभ गुप्ता, अनुराधा वर्मा, सानिया बिंदल समेत कई गणमान्य लोग और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम से जुड़े अनुभव साझा किए और सुरक्षा से संबंधित सवाल पूछे। अधिकारियों ने सभी प्रश्नों का उत्तर देकर उन्हें संतुष्ट किया।

जागरूकता कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को न केवल सुरक्षा और आत्मरक्षा के महत्व से अवगत कराया बल्कि उन्हें यह भी सिखाया कि कठिन परिस्थितियों में कैसे सजग रहते हुए सही निर्णय लिया जा सकता है। मिशन शक्ति 5.0 के इस आयोजन ने साबित किया कि सामूहिक प्रयासों से समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts