मुजफ्फरनगर की पावन धार्मिक नगरी शुकतीर्थ में योग के प्रचार-प्रसार हेतु एक विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडलायुक्त अटल कुमार राय के आदेश एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में “योग सप्ताह” के अंतर्गत संपन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य आमजन को योग के लाभों से अवगत कराना तथा उन्हें नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित करना रहा।इस जागरूकता कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 2025 के लिए तय किए गए “10 अनोखे सिग्नेचर इवेंट्स” की जानकारी दी। इनमें योग संगम, योग बन्धन, योग पार्क, योग समावेश, योग प्रभाव, योग कनेक्ट, हरित योग, योग अनप्लग्ड, योग महाकुंभ एवं संयोग शामिल हैं। डॉ. कुमार ने बताया कि ये सभी इवेंट्स योग को जन-जन तक पहुंचाने के अभिनव प्रयास हैं, जो योग को केवल एक शारीरिक अभ्यास न मानते हुए इसे सामाजिक, मानसिक और पर्यावरणीय कल्याण से भी जोड़ते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन आयुष विभाग मुजफ्फरनगर, इंडियन योग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश स्टेट चैप्टर कमेटी, आईएनओ और एनआईएएच के संयुक्त सहयोग से किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी दीपक कृष्णात्रेय, विनोद शर्मा, व्यवस्थापक राजीव गुप्ता एवं अंकुर शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में न केवल गणमान्य नागरिकों बल्कि बड़ी संख्या में बच्चों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम का उद्देश्य सार्थक होता दिखाई दिया।अंत में इंडियन योग एसोसिएशन के जिला समन्वयक प्रवेंद्र दहिया द्वारा कार्यक्रम में आए सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। इस आयोजन ने योग को लेकर समाज में नई चेतना का संचार किया और यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, जीवन जीने की कला है।















