31 मार्च 2027 तक उठाएं पीएम सूर्य घर योजना का लाभ.

मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जिले में तेजी से लोगों को लाभ पहुंचा रही है। यूपी नेडा के परियोजना प्रभारी भजन सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा फरवरी 2024 में शुरू की गई यह योजना केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। योजना के तहत लाभार्थी 31 मार्च 2027 तक ही अनुदान का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद योजना के अंतर्गत सब्सिडी उपलब्ध नहीं होगी, इसलिए इच्छुक उपभोक्ताओं से समय रहते आवेदन कर सोलर संयंत्र स्थापित कराने की अपील की गई है।उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक 22,588 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 22,340 आवेदकों ने वेंडर का चयन कर लिया है, जबकि 13,389 लाभार्थियों के घरों पर सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें से 11,453 लाभार्थियों के खातों में अनुदान की राशि भी हस्तांतरित की जा चुकी है। वर्तमान में जिले में 161 अधिकृत वेंडर योजना के प्रचारप्रसार और संयंत्र स्थापना का कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से जनपद में अब तक लगभग 40 मेगावाट सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है।योजना के तहत 3 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र लगाने पर ₹1,08,000 और 2 किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर ₹90,000 तक का अनुदान दिया जा रहा है।

3 किलोवाट संयंत्र की अनुमानित लागत लगभग ₹1,85,000 और 2 किलोवाट संयंत्र की लागत करीब ₹1,35,000 है। इस प्रकार अनुदान मिलने के बाद उपभोक्ताओं पर आर्थिक भार काफी कम हो जाता है। अब तक जिले के लाभार्थियों के खातों में लगभग ₹120 करोड़ की सब्सिडी हस्तांतरित की जा चुकी है।विद्युत विभाग के आंकड़ों के अनुसार योजना का लाभ लेने वाले अधिकांश उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। मई 2026 में 1,547 उपभोक्ताओं के बिजली बिल नेगेटिव रहे, 158 उपभोक्ताओं का बिल शून्य आया, 535 उपभोक्ताओं का बिल केवल ₹100 तक रहा, जबकि 3,018 उपभोक्ताओं का बिजली बिल ₹101 से ₹500 के बीच दर्ज किया गया। अवध विहार निवासी बिमलेश का बिजली बिल भी लंबे समय से शून्य रहा है, जो इस योजना की सफलता का उदाहरण माना जा रहा है।यूपी नेडा ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे 31 मार्च 2027 से पहले अपने घरों पर सोलर संयंत्र स्थापित कराकर योजना का लाभ उठाएं। समय सीमा समाप्त होने के बाद इस योजना के तहत मिलने वाले अनुदान का लाभ उपलब्ध नहीं होगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts