मुजफ्फरनगर। सनातन धर्म महाविद्यालय, भोपा रोड स्थित ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत शिक्षकों और उनके परिवारों को कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्ड वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल रहे। कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी डॉ. राकेश ढल, डॉ. सुभाष चंद शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्वेता कौशिक, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी, डीएवी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. योगेश कुमार, सीसीआर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. के.पी. सिंह, एसडी मैनेजमेंट कॉलेज के प्राचार्य संदीप मित्तल तथा एसडी कॉमर्स कॉलेज के प्राचार्य सचिन कुमार गोयल सहित अनेक शिक्षाविद् उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से प्रदेशभर के शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया और शिक्षकों को डिजिटल रूप से कार्ड वितरित किए। उन्होंने गुरु की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यालय और महाविद्यालयों से जोड़ने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार पहली बार शिक्षकों और उनके परिवारों को ऐसी व्यापक कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान कर रही है, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल पाठ्यक्रम पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावसायिक एवं कौशल आधारित शिक्षा की ओर प्रेरित करना भी आवश्यक है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुधीर कुमार पुण्डीर ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए सरकार की इस कल्याणकारी योजना की सराहना की। संचालन प्रो. विश्वम्भर पाण्डेय ने किया। समारोह में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।























































