मुजफ्फरनगर। स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल, मंसूरपुर के खेल मैदान में आयोजित ईशा ग्रामोत्सव का भव्य समापन उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीर पाल सिंह निर्वाल तथा विशिष्ट अतिथि कैप्टन डॉ. प्रवीण चौधरी, जिला अध्यक्ष प्रधानाचार्य इंटर कॉलेज समिति रहे। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में ईशा ग्रामोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता बताई।
समापन समारोह के दौरान सुबह होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल, जड़ौदा के नन्हे विद्यार्थियों ने मार्शल आर्ट और गतका की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं शाम को मुख्य अतिथि की उपस्थिति में रामपाल की मंडली ने लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक रंग बिखेर दिए। प्रतियोगिता में दतियाना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। हरसौली दूसरे, नंगला मुबारकपुर तीसरे और सौपू की टीम चौथे स्थान पर रही। मुख्य अतिथि और संजीव राठी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
आयोजन को सफल बनाने में विकास ने सभी रेफरी को आवश्यक सहयोग दिया। ईशा आश्रम से आए स्वयंसेवक साहिल अन्ना के साथ अजय अग्रवाल, प्रवेंद्र दहिया, विनय गर्ग, दीपक शर्मा, विवेक कुमार, फूलचंद, मुकेश गुप्ता सहित अनेक सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेल प्रतियोगिता के दौरान इदरीश की प्रभावशाली कमेंट्री ने खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह बनाए रखा। कार्यक्रम की सफलता में स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर संजीव राठी और प्रधानाचार्या तरूणा चौधरी का विशेष योगदान रहा। आयोजन के समापन पर सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों ने भविष्य में भी ऐसे खेल महोत्सव आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।























































