औरैया में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के मंडलीय सम्मेलन का आयोजन दिबियापुर स्थित नारायणी मंडपम में किया गया। महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में 500 से अधिक प्रधानाचार्य और शिक्षक शामिल हुए। प्रारंभ में प्रधानाचार्या गीता चतुर्वेदी ने मां सरस्वती की वंदना की। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को माल्यार्पण, बैज अलंकरण और शॉल देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने शिक्षकों के प्रति विशेष लगाव व्यक्त किया।
प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष राजेश कुमार अग्निहोत्री ने शिक्षक एमएलसी डॉ. सीमा शाक्य से चयन बोर्ड की धारा 21, 18 और 12 को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग में शामिल करने का आग्रह किया। प्रभारी मंत्री ने शिक्षकों से छात्रों को संस्कारवान बनाने की अपील की और उनकी जायज मांगों के समाधान का भरोसा दिलाया। परिषद के संरक्षक डॉ. रामचंद्र दीक्षित ने स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस के योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रधानाचार्य अरुण कुमार त्रिपाठी ने किया, जबकि जिलाध्यक्ष सुनील मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।















